नीरज सिसौदिया, बरेली
बरेली कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार और पूर्व प्रत्याशी राजेश अग्रवाल के आवास पर शनिवार सुबह सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी पहुंचे।

आवास विकास कॉलोनी स्थित उनके आवास पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। इस दौरान राजेश अग्रवाल और उनकी पत्नी एवं पूर्व पार्षद रागिनी अग्रवाल ने राजकुमार भाटी का स्वागत किया।

राजकुमार भाटी सुबह करीब नौ बजे राजेश अग्रवाल के आवास पर पहुंचे। इस दौरान राजेश अग्रवाल ने उन्हें क्षेत्र में कराए गए अपने कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। बातचीत के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों और बरेली की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूरे दमखम के साथ चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बरेली जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ काम करने की बात कही। बैठक को कैंट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजेश अग्रवाल कैंट सीट से सपा के पूर्व प्रत्याशी रह चुके हैं और आगामी चुनाव के लिए टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। ऐसे में राष्ट्रीय प्रवक्ता के उनके आवास पर पहुंचने और चुनावी मुद्दों पर चर्चा को स्थानीय सियासी गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान सपा नेता दिनेश यादव भी मौजूद रहे।




