नीरज सिसौदिया, जालंधर
पूर्व पार्षद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप राय ने नगर निगम की कार्य शैली को एक बार फिर कठघरे में खड़ा किया है| उन्होंने कहा कि चन्नन नगर इलाके में एक भाजपा काउंसलर खुलेआम अवैध बिल्डिंग और अवैध कॉलोनी कटवाने का ठेका ले रहा है| यहां धड़ल्ले से अवैध बिल्डिंगें बनाई जा रही हैं और साथ ही अवैध कॉलोनी भी काटी गई है लेकिन नगर निगम ने इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की| इसके पीछे भाजपा पार्षद का हाथ है| इतना ही नहीं शिकायत करने वालों को वह पुलिस थाने ले जाकर परेशान करता है|
प्रदीप राय ने सवाल उठाया कि आखिर इस अवैध निर्माण को नगर निगम मंजूरी क्यों दे रहा है और इसके खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं कर रहा? उन्होंने कहा कि बिल्डिंग इंस्पेक्टर रूपिंदर सिंह टिवाना को इसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन वह कार्यवाही नहीं कर रहे|
प्रदीप सिंह राय ने कहा कि उनके पास चन्नन नगर में बन रही अवैध कॉलोनी और अवैध बिल्डिंगों की पूरी लिस्ट तस्वीरों के साथ है और उनके पास वह सभी तथ्य मौजूद हैं जो इन बिल्डिंगों को अवैध और इन कॉलोनी को अवैध साबित कर सकें| उन्होंने कहा कि अगर निगम कमिश्नर दीपर्व लाकड़ा चाहे तो हम उन्हें सभी तथ्य दे सकते हैं और सारे सबूत उनके हवाले कर सकते हैं| उन्होंने कहा कि अगर इसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने निगम कमिश्नर और मेयर से तत्काल इन अवैध कॉलोनियों और अवैध बिल्डिंगों पर कार्रवाई करने की मांग की है|
बता दें कि यह वही प्रदीप सिंह राय हैं जिन्होंने अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार में अवैध कॉलोनियों और अवैध कोठियों के खिलाफ न सिर्फ मोर्चा खोला था बल्कि 200 कोठियों के खिलाफ कार्रवाई भी करवाई थी| निगम द्वारा उन कोठियों के चालान काटने के बाद सरकारी खजाने में बनती रकम भी जमा करवाने पर मजबूर कर दिया था| इसके चलते बिल्डर ने उन पर पहले ब्लैक मेलिंग का आरोप लगाया था लेकिन बाद में सार्वजनिक रूप से प्रेस कांफ्रेंस करके उस बिल्डर को माफी मांगने पर मजबूर होना पड़ा था| अब कांग्रेस सत्ता में है और देखना यह होगा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप सिंह राय की इस शिकायत पर नगर निगम कमिश्नर कोई कार्रवाई करते हैं अथवा नहीं|