बरेली। समाजवादी पार्टी महानगर इकाई में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने दो नए वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि संगठन में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर वार्ड स्तर पर पार्टी की पकड़ को और मजबूत किया जा रहा है।
पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने बताया कि महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी द्वारा जारी सूची के अनुसार वार्ड संख्या 38 बेनीपुर चौधरी से मोहम्मद रज़ी अंसारी तथा वार्ड संख्या 71 नई बस्ती जगतपुर से मजीद खान को वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि महानगर अध्यक्ष लगातार सभी वार्डों के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं और संगठन में सक्रिय लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी बूथ और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड अध्यक्ष पार्टी और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी भी काफी अहम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों नवनियुक्त वार्ड अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे। साथ ही स्थानीय समस्याओं को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाकर जनता की आवाज को मजबूत बनाएंगे।
नवनियुक्त वार्ड अध्यक्ष मोहम्मद रज़ी अंसारी और मजीद खान ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। दोनों नेताओं ने समाजवादी पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन के विस्तार के लिए पूरी मेहनत से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में वार्ड स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा, जिससे पार्टी की पहुंच आम जनता तक और अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
इस मौके पर महानगर उपाध्यक्ष राम प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष सिम्पल कन्नौजिया, कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, पार्षद गुलबशर अंसारी, महानगर सचिव नाजिम कुरैशी, पीयूष वर्मा, अहमद खान टीटू, फैजी अंसारी, डॉ. चांद, कुंवर साजिद अंसारी, इमदाद हुसैन, मोईन, आशिफ खान, शाकिर बेग, मो. आसिम, मुशीर, दानिश अंसारी, राशिद खान, दिलशाद खान, पप्पू खां, यूनुस खां, मो. आमिर अंसारी, नजाकत अली, शब्लू अंसारी और अकरम मंसूरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




