नीरज सिसौदिया, बरेली
सपा से कांग्रेस, कांग्रेस से सपा और फिर सपा छोड़कर कांग्रेस में जाने वाले कैंट विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी हाजी इस्लाम बब्बू वर्षों से अवैध रूप से एक शादी हॉल चला रहे हैं। आयशा पैलेस नाम के इस शादी हॉल को सीलिंग की जमीन पर बनाया गया है और सरकारी नाला भी पाट दिया गया है। यह बात हम नहीं कह रहे बल्कि भाजपा नेता जावेद अंसारी की ओर से बरेली के जिलाधिकारी को भेजी गई शिकायत में कही गई हैं।
एक निजी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में जावेद अंसारी ने कहा कि विगत विधानसभा चुनाव में महज 2200 वोट हासिल करने वाले कांग्रेस नेता हाजी इस्लाम बब्बू ने सीलिंग की जमीन पर अवैध रूप से आयशा पैलेस नाम से एक शादी हॉल गली में बना लिया है। न तो बरेली विकास प्राधिकरण से इसका नक्शा पास कराया गया है और न ही फायर डिपार्टमेंट व नगर निगम से इसकी कोई एनओसी ली गई है। नाला पाटने से लोग परेशान परेशान है। गंदा पानी नहीं निकल पा रहा है। इसके बावजूद वर्षों से इसे बेरोकटोक चलाया जा रहा है। बीडीए के भ्रष्ट अधिकारियों ने इसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की यह सबसे बड़ा सवाल है। जावेद अंसारी ने बताया कि उन्होंने पुख्ता सबूतों के आधार पर डीएम से इसकी शिकायत की है। डीएम ने उन्हें नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।
बताया जाता है कि हाजी इस्लाम बब्बू कुछ दिग्गज भाजपा नेताओं के करीबी हैं।विधानसभा चुनाव में उन्हीं भाजपा नेताओं ने मुस्लिम वोट काटने और सपा प्रत्याशी को हराने के लिए भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में हाजी इस्लाम बब्बू का इस्तेमाल किया था जिस कारण वह बब्बू को लगातार संरक्षण देते आ रहे हैं। हालांकि, विधानसभा चुनाव में भाजपा का यह मंसूबा पूरा नहीं हो सका था और बब्बू महज दो हजार वोटों पर ही सिमट गए। अब देखना यह है कि बब्बू अपना अवैध आयशा पैलेस बचा पाते हैं अथवा नहीं। सपा नेताओं की संपत्तियों पर चलने वाला बाबा का बुलडोजर कांग्रेस नेता के शादी हॉल पर चल पाएगा या नहीं, यह देखना होगा।