नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 1 जुलाई को मनाया जाने वाला जन्मदिन इस बार फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समरसता और राजनीतिक संदेश का माध्यम बनने जा रहा है। फरीदपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार, पार्टी के बाबा साहेब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रसेन सागर ने इस बार अखिलेश यादव का जन्मदिन गुर्जर बहुल क्षेत्र में मनाने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम गोपालपुर स्थित प्रसिद्ध पाकड़ वाले महाराज मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ किया जाएगा।
चंद्रसेन सागर ने बताया कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में वह पिछले कई वर्षों से लगातार अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाते आ रहे हैं। हर बार किसी न किसी समाज की सहभागिता के साथ यह आयोजन किया जाता है, जिससे समाजवादी पार्टी की सामाजिक न्याय और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की विचारधारा को मजबूती मिलती है। इस बार गुर्जर समाज के लोगों की इच्छा और आग्रह पर यह आयोजन गुर्जर बाहुल्य क्षेत्र में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ग्राम गोपालपुर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए समाजसेवी रमेश पाल सिंह गुर्जर और क्षेत्र के अन्य गुर्जर समाज के लोगों ने विशेष रूप से इच्छा व्यक्त की थी कि अखिलेश यादव का जन्मदिन उनके समाज के बीच मनाया जाए। इसी भावना का सम्मान करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग, समाजवादी कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
चंद्रसेन सागर का कहना है कि समाजवादी पार्टी की ताकत उसकी सामाजिक विविधता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति में निहित है। यही कारण है कि वह लगातार अलग-अलग समाजों के बीच संवाद और सहभागिता बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह मुस्लिम समाज, कुर्मी समाज और जाटव समाज के बीच भी अखिलेश यादव का जन्मदिन मना चुके हैं। हर बार इन आयोजनों को समाज के लोगों का भरपूर समर्थन और उत्साह मिला है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हमेशा सभी वर्गों को सम्मान देने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की राजनीति की है। उनके जन्मदिन को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और भाईचारे का संदेश देने वाले अवसर के रूप में देखा जाता है। यही कारण है कि हर वर्ष इस आयोजन में नए समाज और नए लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और विभिन्न समाजों के लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं। गुर्जर समाज के बीच आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भी सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को नई मजबूती प्रदान करेगा।
चंद्रसेन सागर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक मंत्रोच्चार, प्रसाद वितरण और कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने सभी समाजों के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में चंद्रसेन सागर लगातार सामाजिक समीकरणों को साधने और विभिन्न वर्गों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने में जुटे हैं। अलग-अलग समाजों के बीच जाकर कार्यक्रम आयोजित करने की उनकी रणनीति उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में स्थापित कर रही है, जो जातीय सीमाओं से ऊपर उठकर सर्वसमाज को साथ लेकर चलने का संदेश देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में इस बार गुर्जर समाज के बीच आयोजित होने वाला अखिलेश यादव का जन्मदिन समारोह राजनीतिक और सामाजिक, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




