नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख फरीदपुर चंद्रसेन सागर की पहल पर शुरू की गई ‘समाजवादी संदेश यात्रा’ का रथ गुरुवार को सपा सुुुप्रीमो अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र कन्नौज से निकल गया। रथ का जगह-जगह स्वागत किया गया। यात्रा का उद्देश्य समाजवादी विचारधारा के साथ-साथ विभिन्न वर्गों और समुदायों से जुड़े महापुरुषों, संतों और वीरों के विचारों एवं उनके सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। ‘महापुरुषों की संदेश यात्रा रथ’ को गत 31 अगस्त को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। लखनऊ से रवाना हुआ यह रथ विगत 1 और 2 सितम्बर को औरैया, बकेश्वर, लखना, भरथना, इटावा, सैफई, जसवंतनगर, करहल और मैनपुरी का दौरा कर 3 सितम्बर को कन्नौज पहुंचा। यहां जगह-जगह रथ का स्वागत किया गया। रथ ने छोटे-छोटे गांवों और कस्बों का भी भ्रमण किया। यहां से 4 सितम्बर को रथ छिबरामऊ और फर्रुखाबाद होते हुए 6 सितम्बर को बरेली जिले की फरीदपुर तहसील के सीमाई क्षेत्र फतेहगंज पूर्वी पहुंचेगा।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ सपा नेता चंद्रसेन सागर ने बताया कि रविवार 6 सितंबर को सुबह 9 बजे संदेश यात्रा रथ फतेहगंज पूर्वी पहुंचेगा। यहां हजारों की तादाद में समाजवादी और पार्टी नेता रथ का स्वागत करेंगे।

यात्रा के दौरान रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न समुदायों से जुड़े महापुरुषों, संतों और वीरों की जीवनगाथा एवं उनके विचारों पर आधारित वीडियो लोगों को दिखाए जाएंगे। इसके माध्यम से समाज में समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

चंद्रसेन सागर ने कहा कि समाज को जोड़ने और महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। महापुरुष किसी एक वर्ग या समुदाय के नहीं होते, बल्कि उनके विचार पूरे समाज की साझा विरासत हैं। इसी भावना के साथ विभिन्न वर्गों और समुदायों से जुड़े महापुरुषों के जीवन एवं संघर्ष की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि संदेश यात्रा के माध्यम से जनता को समाजवादी पार्टी की विचारधारा से भी अवगत कराया जाएगा। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में जनता के हित में की जाने वाली घोषणाओं और योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
चंद्रसेन सागर ने बताया कि संदेश यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और मोहल्ले तक ले जाया जाएगा। यात्रा के माध्यम से विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपनी तरह की यह पहली पहल है, जिसमें ‘समाजवादी संदेश यात्रा’ के माध्यम से एलईडी रथ पर महापुरुषों की जीवनगाथा और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।




