विचार

11 अगस्त बलिदान दिवस पर विशेष : सबसे कम उम्र में फांसी पर झूल गए थे खुदीराम बोस

Share now

खुदीराम बोस का जन्म 3 दिसम्बर सन् 1889 को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के हबीबपुर नामक गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम बाबू त्रैलोक्यनाथ बोस और उनकी मां का नाम लक्ष्मीप्रिय देवी था।
बालक खुदीराम बोस के मन में देश को आजाद कराने की ऐसी लगन लगी कि वे कक्षा 9 के बाद ही आजादी की पथरीली राहों पर चल पड़े। उस समय वे 16 वर्ष के किशोर थे। उस समय देश में बंग-भंग आन्दोलन चल रहा था। अंग्रेज सरकार पूरी ताकत से इस आन्दोलन को कुचलने में लगी थी।
ऐसे ही समय किंग्सफोर्ड कलकत्ता का मुख्य मजिस्टेªट बनकर आया। किसी हिन्दुस्तानी मुल्जिम को वह नहीं छोड़ता था। बंगाली जनता इस जुल्म की आदी नहीं थी, इसलिए क्रान्तिकारियों ने किंग्सफोर्ड को सबक सिखाने की योजना बनाई।
किंग्सफोर्ड के खिलाफ माहौल बनता जा रहा था, इसलिए अंग्रेज सरकार उसकी सुरक्षा के लिए चिंतित हो उठी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसका तबादला मुजफ्फरपुर कर दिया गया।
क्रान्तिकारी जब उसे कलकत्ता में खत्म न कर सके, तो उन्होंने उसे मुजफ्फरपुर जाकर खत्म करने की योजना बनाई। किंग्सफोर्ड की हत्या का काम खुदीराम बोस और प्रफुल्ल कुमार चाकी को सौंपा गया।
इन दोनों युवकों को आवश्यक साज-सामान देकर मुजफ्फरपुर भेजा गया। वहां जाकर यह दोनों एक धर्मशाला में ठहरे। यहां उनका काम किंग्सफोर्ड की गतिविधियों पर नजर रखना था। वे दोनों अपने काम में लग गए।
कचहरी के सिवा किंग्सफोर्ड बाहर कम ही जाता था। उसकी रक्षा के लिए दो सिपाही हमेशा उसके साथ रहते थे। वह रात में कभी-कभी घोड़ागाड़ी में बैठकर यूरोपियन क्लब जाया करता था। खुदीराम बोस और चाकी ने तय किया कि किंग्सफोर्ड को मारने का सबसे बढ़िया मौका है, जब वह क्लब जा रहा हो, रास्ते में ही उसे गोली मार दी जाय।
खुदीराम बोस और प्रफुल्ल कुमार चाकी एक हफ्ते तक किंग्सफोर्ड की निगरानी करते रहे। किंग्सफोर्ड की घोड़ागाड़ी को उन्होंने अच्छी तरह पहचान लिया। पर दुर्भाग्य से उन्हें यह पता नहीं चल सका कि ऐसी ही एक घोड़ागाड़ी सरकारी वकील कैनेडी के पास भी है।
किंग्सफोर्ड की हत्या करने के उद्देश्य से खुदीराम बोस और प्रफुल्ल कुमार चाकी रात के आठ बजे यूरोपियन क्लब जा पहुँचे। वे अपने शिकार की तलाश में एक पेड़ की आड़ में खडे़ हो गए।
रात को लगभग नौ बजे एक घोड़ागाड़ी क्लब की ओर आती दिखाई दी। वह गाड़ी कैनेडी परिवार की थी। गाड़ी पर उसकी औरत और लड़की बैठी थी। खुदीराम बोस ने इसे किंग्सफोर्ड की गाड़ी समझा और उसी पर बम फेंक दिया। गाड़ी नष्ट हो गयी। दोनों महिलाएं जान से मारी गईं। घोड़ा और गाड़ीवान भी घायल हो गया।
बम बड़ा भयानक था। वह एक जोरदार धमाके के साथ फटा था। इन लोगों के पास तीन पिस्तौलें भी थीं। अगर बम नहीं फटता तो उन्हें पिस्तौलों का इस्तेमाल करना था। बम के फटते ही दोनों नवजवान अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। वे दोनों समझ रहे थे कि वे किंग्सफोर्ड को मारने में सफल हो गए हैं। चाकी समस्तीपुर स्टेशन की ओर भागे और खुदीराम बेनीपुर स्टेशन की ओर भागते चले गए।
पुलिस द्वारा पकड़ लिए जाने पर प्रफुल्ल कुमार चाकी ने अपने रिवाल्वर से ही गोली मारकर अपनी आहुति दे दी।
इधर खुदीराम बोस रात भर की चैबीस-पच्चीस मील की यात्रा के पश्चात् बहुत थक गए थे। भूख-प्यास से उनका बुरा हाल था। उनकी हुलिया एकदम बिगड़ी हुई थी।
बेनीगाँव, बेनी स्टेशन के करीब ही था। खुदीराम ने सोचा की पहले कुछ नाश्ता कर लिया जाय। उसके बाद ही स्टेशन जाया जाय। वे चाय नाश्ता करने के लिए एक होटल पर पहुँचे। वहीं पर पुलिस के दो सिपाही फतह सिंह और शिव प्रसाद सिंह खड़े थे।
होटल में लोग मुजफ्फरपुर के बम कांड के बारे में बात कर रहे थे। एक आदमी बोला कि काण्ड में बेचारी दो औरतें मारी गईं।
“तो क्या किंग्सफोर्ड नहीं मरा?“ खुदीराम बोस के मुँह से अचानक निकल गया।
यह सुनते ही सिपाहियों ने खुदीराम बोस को पकड़ लिया। वे उनसे पूछ-ताछ करने लगे। खुदीराम उनके सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाये, इसलिए सिपाही खुदीराम बोस को पकड़कर पुलिस चैकी ले गए। वहाँ पर उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास दो रिवाल्वर मिले।
पुलिस को सन्देह हो गया कि हो न हो खुदीराम ही वह युवक है, जिसने कल रात मुजफ्फरपुर में बम द्वारा कैनेडी परिवार की हत्या की थी। वे उन्हें गिरफ्तार कर मुजफ्फरपुर में ले गए।
खुदीराम ने पूछ-ताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस बात का उन्हें दुःख था कि बम से दो महिलाएँ मारी गईं और अत्याचारी किंग्सफोर्ड बच निकला।
खुदीराम बोस पर मुकदमा चला। उन्हें फाँसी की सजा सुनाई गई। जिस समय उन्हें फाँसी की सजा सुनाई गई थी, उस समय उनकी उम्र केवल सोलह साल थी। इतनी कम उम्र में ही वह आजादी की पथरीली राहों पर चल पडे़ थे।
11 अगस्त, 1908 को खुदीराम बोस को फाँसी दे दी गई। जनता ने खुदीराम की शवयात्रा बड़े जोश के साथ निकाली। उनके वकील कालीदास मुखर्जी ने उनकी चिता को आग लगाई। चिता की आग धू-धू करके जलउठी। उसकी चिनगारियां सारे भारत में फैल गईं। वे चिनगारियाँ ही आगे चलकर अंग्रेजी शासन के विनाश का कारण बनीं।
-सुरेश बाबू मिश्रा
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, बरेली
मोबाइल नं. 9411422735,
 sureshbabubareilly@gmail.com

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *