नीरज सिसौदिया, बरेली
125 कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार इं. अनीस अहमद खां को सिर्फ मुस्लिम ही नहीं बल्कि हिन्दू समाज के लोगों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। दलित समाज के लोग तो पहले ही उनके साथ थे अब प्रजापति, यादव और दिवाकर समाज के लोगों का भी साथ उन्हें मिल रहा है।
इं. अनीस अहमद खां ने कैंट विधानसभा सीट पर भाजपा के विरुद्ध सियासी युद्ध का बिगुल बजा दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने ताबड़तोड़ बैठकों का दौर तेज कर दिया है। गुरुवार शाम उन्होंने सदर क्षेत्र का दौरा किया और लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को जाना। साथ ही समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की नीतियों के बारे में उन्हें बताया। कुंवरपुर में सुनील गुप्ता के आवास पर उन्होंने मोहल्ले के लोगों के साथ चाय पर चर्चा की। वहीं, कैंट में राम सेवक प्रजापति के घर पर बैठक का आयोजन किया गया था।
इसके अलावा जसोली में रियाज अहमद के घर पर बैठक हुई। इस दौरान प्रजापति, यादव, दिवाकर और मुस्लिम समाज के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए इंजीनियर अनीस अहमद खां ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से जनविरोधी, विकास विरोधी और देश को धर्म के नाम पर बांटने वाली सरकार है। इसका जाना देश हित में बेहद जरूरी है। तभी राष्ट्र को बचाया जा सकेगा अन्यथा इस देश की तबाही तय है।
इस दौरान सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, जितेंद्र सोनकर, पप्पू राणा, बबलू कन्नौजिया दिवाकर, सोनू कन्नौजिया दिवाकर, कासिफ खां, गिरीश यादव, इश्तियाक सकलैनी, सुनील गुप्ता, रामसेवक प्रजापति, रियाज अहमद सहित विभिन्न बिरादरियों के लोग मौजूद थे। कुछ जगहों पर बड़ी तादाद में महिलाएं भी बैठकों में शामिल हुईं।