यूपी

संगठन में बढ़ता जा रहा है हर्षवर्धन आर्य का कद, अमित शाह की रैलियाें की सफलता ने बढ़ाया ग्राफ, पढ़ें क्या है मामला?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत और हौसले से ही मुकाम हासिल होते हैं और काम को दुनिया सलाम करती है। इसका जीता जागता उदाहरण भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष और 125 बरेली कैंट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार हर्षवर्धन आर्य के रूप में देखने को मिलता है। वैसे तो हर्षवर्धन आर्य सफलता की नित नई ऊंचाइयां हासिल करते नजर आ रहे थे लेकिन ब्रज क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैलियों की सफलता ने उनका राजनीतिक ग्राफ भी बढ़ाया है। हर जगह खास तौर पर बरेली में उनकी कार्यशैली की खूब सराहना हो रही है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बरेली एयरपोर्ट पर स्वागत करते हर्षवर्धन आर्य।

हर्षवर्धन आर्य वह शख्सियत हैं जिन्होंने सिर्फ राजनीति ही नहीं बल्कि निजी जिंदगी में भी कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। परिवार और राजनीति की जिम्मेदारियों को उन्होंने बाखूबी निभाया है। कई मुश्किल दौर देखने के बाद हर्षवर्धन आर्य ने खुद को साबित कर दिखाया और आज इस मुकाम पर हैं कि पार्टी की ओर से उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री की कासगंज में आयोजित ऐतिहासिक रैली के प्रभारी हर्षवर्धन आर्य ही थे। इसके बाद बरेली में जब जन विश्वास यात्रा लेकर अमित शाह पहुंचे तो भी ब्रज क्षेत्र की ओर से को-ऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी भी हर्षवर्धन आर्य को ही सौंपी गई। यह रैली भी ऐतिहासिक रही और लगभग दो से ढाई लाख लोग इस ऐतिहासिक रैली के गवाह बने।
इसके लगभग एक दिन पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरेली एयरपोर्ट पहुंचे तो उनके स्वागत में भाजपा के जिन पदाधिकारियों को एयरपोर्ट जाने का अवसर प्राप्त हुआ उनमें हर्षवर्धन आर्य भी शामिल थे। उनके अलावा प्रदेश भाजपा सहकोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल एवं दुर्विजय सिंह शाक्य सहित अन्य लोग भी थे।
बरेली एयरपोर्ट पर जब अमित शाह पहुंचे थे तो भी हर्षवर्धन आर्य उनका स्वागत करते नजर आए थे। मोदी और अमित शाह का स्वागत करने वाली प्रदेश स्तरीय टीम में सबसे युवा चेहरा हर्षवर्धन आर्य का ही था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बरेली एयरपोर्ट पर स्वागत करते हर्षवर्धन आर्य।

बेहद कम उम्र में राजनीति जगत में अपनी अलग पहचान स्थापित करने वाले हर्षवर्धन आर्य पर फिलहाल कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनता की निगाहें टिकी हुई हैं। कैंट की जनता ने हर्षवर्धन आर्य को बेहद करीब से देखा है। हर्षवर्धन का बचपन इसी कैंट विधानसभा क्षेत्र की गलियों में बीता है। अपने साथ चलने वाले, अपने बीच रोजाना उठने-बैठने वाले व्यक्तित्व को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसी शख्सियतों के साथ जनता देखती है तो खुद को भी गौरवान्वित महसूस करती है। खास तौर पर तब जबकि ये मुलाकातें सिर्फ फोटो सेशन तक ही सीमित नहीं रहतीं बल्कि एक जिम्मेदारी के रूप में हासिल होती हैं। शायद यही वजह है कि हर्षवर्धन का राजनीतिक कद दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है और उन लोगों के मुंह पर ताला पड़ता जा रहा है जो यह सोचते थे कि ब्रज क्षेत्र के संगठन मंत्री रह चुके भवानी सिंह के निधन के बाद हर्षवर्धन आर्य का सियासी सफर आगे नहीं बढ़ने वाला। संगठन के प्रति जिस सेवा और समर्पण भाव से हर्षवर्धन आर्य ने अपनी अलग पहचान स्थापित कर ली है उसने यह भी साबित कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी में काम करने वालों को आगे बढ़ने का अवसर जरूर मिलता है। बरेली का युवा चेहरा फिलहाल सांगठनिक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है।


पिछले दिनों बरेली में जिस तरह से अमित शाह की रैली को शानदार सफलता मिली उसके बाद हर्षवर्धन आर्य की कैंट विधानसभा सीट से दावेदारी को भी मजबूती मिली है। बहरहाल, कैंट के सियासी रण में भारतीय जनता पार्टी किसे मैदान में उतारती है इसका फैसला तो दस जनवरी के बाद ही होगा।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *