नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को बरेली के सिविल लाइंस स्थित आईएमए ऑडिटोरियम में आयोजित पीडीए महापंचायत ऐतिहासिक जनसमर्थन के कारण चर्चा का केंद्र बन गई। समाजवादी पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं कैंट विधानसभा सीट से पार्टी के प्रबल दावेदार डॉ. अनीस बेग की ओर से आयोजित इस महापंचायत में लोगों का ऐसा उत्साह देखने को मिला कि आईएमए ऑडिटोरियम पूरी तरह खचाखच भर गया। कार्यक्रम में कैंट क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सभागार में जगह कम पड़ने लगी और पूरे कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी तथा पीडीए के समर्थन में जोरदार नारे गूंजते रहे।
महापंचायत ने यह संदेश दिया कि बरेली में समाजवादी पार्टी का संगठन पीडीए की विचारधारा को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय है। कार्यक्रम में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, महिलाएं, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। बड़ी संख्या में आम नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
इस विशाल आयोजन का नेतृत्व कर रहे डॉ. अनीस बेग ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी यह लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं है, बल्कि समाज के उन वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने का आंदोलन है जो लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं।
डॉ. अनीस बेग ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईएमए ऑडिटोरियम में उमड़ी भारी भीड़ यह साबित करती है कि जनता समाजवादी पार्टी की नीतियों और पीडीए की सोच पर विश्वास जता रही है। उन्होंने कहा कि जनता का यह समर्थन उनके लिए जिम्मेदारी भी बढ़ाता है और वे लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनावी राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को सुनें और समाजवादी पार्टी की नीतियों तथा पीडीए की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार रहना और उनके सुख-दुख में भागीदार बनना ही समाजवादी कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पहचान होनी चाहिए।
मुख्य अतिथि और समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पीडीए केवल एक नारा नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर, संविधान की रक्षा और सभी वर्गों को सम्मान दिलाने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समाज के कमजोर, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों को एक मंच पर लाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुलतानी ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़े और वंचित समाज की आवाज को मजबूती देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा ही प्रदेश को आगे बढ़ाने का रास्ता है।
महानगर महासचिव दीपक शर्मा ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है तो सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पिछले कई महीनों से डॉ. अनीस बेग लगातार कैंट विधानसभा क्षेत्र में पीडीए पंचायत, पीडीए गोष्ठी और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों के माध्यम से वे लगातार लोगों के बीच सक्रिय बने हुए हैं। ऐसे में आईएमए ऑडिटोरियम में आयोजित इस महापंचायत में उमड़ी भीड़ को उनके बढ़ते जनसंपर्क और संगठनात्मक क्षमता के रूप में भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम ने यह संकेत भी दिया कि समाजवादी पार्टी कैंट विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।
महापंचायत के समापन के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने डॉ. अनीस बेग के साथ संवाद किया और पीडीए अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम में कैंट विधानसभा अध्यक्ष राजेश मौर्य, महिला सभा अध्यक्ष स्मिता यादव, महानगर महासचिव दीपक शर्मा, गजल अंसारी, परवेज यार खान, ऋषि यादव, दिलीप वाल्मीकि, कुलदीप वाल्मीकि, पंकज वाल्मीकि, हुरिया रहमान, अनिल, सिंपल कन्नौजिया, हाजी शोएब, हरिओम प्रजापति, रोहित राजपूत, बिलाल खान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान जोश, उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश साफ तौर पर दिखाई दिया, जिससे यह महापंचायत बरेली की प्रमुख राजनीतिक गतिविधियों में शामिल हो गई।




