यूपी

फरीदपुर विधानसभा सीट : सपा नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रसेन सागर ने खोला वादों का पिटारा, अखिलेश यादव के वादे गिनाए, फरीदपुर के विकास से लेकर महिलाओं और किसानों तक के लिए 38 से ज्यादा वादे किए, चुनावी घोषणाओं के नए पोस्टर ने भाजपाइयों के उड़ाए होश, पढ़ें क्या-क्या वादे किए हैं सपा सुुप्रीमो और चंद्रसेन सागर ने?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

फरीदपुर विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के टिकट की दावेदारी के बीच पूर्व ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ सपा नेता चंद्रसेन सागर ने अपनी राजनीतिक तैयारी को एक नए अंदाज में सामने रखा है। उनकी ओर से जारी किए गए एक बड़े पोस्टर में उन्होंने सपा का प्रत्याशी घोषित किए जाने और समाजवादी पार्टी का विधायक चुने जाने की स्थिति में फरीदपुर क्षेत्र के लिए विकास और जनकल्याण से जुड़े वादों का पूरा खाका पेश किया गया है। पोस्टर में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा किए गए महिलाओं, किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई बड़े वादे भी शामिल किए गए हैं।

पोस्टर के शीर्ष हिस्से में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ उनका नाम प्रमुखता से दिया गया है। इसके नीचे लिखा है कि चंद्रसेन सागर को सपा प्रत्याशी घोषित किए जाने और समाजवादी पार्टी का विधायक चुने जाने पर फरीदपुर के विकास के लिए कई काम कराए जाएंगे। हालांकि यह पोस्टर पार्टी का आधिकारिक घोषणा पत्र नहीं है, बल्कि चंद्रसेन सागर की दावेदारी और उनके क्षेत्र के लिए प्रस्तावित कार्यों को सामने रखने वाली राजनीतिक प्रचार सामग्री है।

स्थानीय स्तर पर सबसे प्रमुख वादा किसानों से जुड़ा है। पोस्टर में किसानों की फसलों के उचित मूल्य के लिए फरीदपुर में मंडी समिति की स्थापना कराने की बात कही गई है। इसके अलावा फतेहगंज पूर्वी में नए ब्लॉक के सृजन और भुता, टिसुआ तथा भगवंतापुर ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत बनाने का वादा किया गया है। फतेहगंज पूर्वी नगर पंचायत और फरीदपुर नगर पालिका क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने की बात भी पोस्टर में शामिल है।

चंद्रसेन सागर के पोस्टर में फरीदपुर के लिए मेडिकल कॉलेज की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है। इसमें सांसद नीरज मौर्य के सहयोग से भारत सरकार से मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति कराने का वादा किया गया है। क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, नए बिजली घर की स्थापना, अधूरे और जर्जर पुलों की मरम्मत तथा नए पुलों के निर्माण के साथ विकास के लिए सरकार से अतिरिक्त धनराशि लाने की बात कही गई है। छुट्टा पशुओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान का स्थायी समाधान निकालने का भी दावा किया गया है।

पोस्टर में फरीदपुर को केवल सड़क और बिजली जैसे बुनियादी विकास तक सीमित नहीं रखा गया है। सभी धर्मों के महापुरुषों की मूर्तियां और उनके जीवन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय एवं वाचनालय बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। बेरोजगार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, क्षेत्र में नए उद्योग लगाने और फैक्ट्री मालिकों से मजदूरों को 750 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पूरा भुगतान कराने का वादा किया गया है।

चंद्रसेन सागर

शिक्षा के क्षेत्र में भी कई घोषणाएं पोस्टर का हिस्सा हैं। छात्र-छात्राओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निशुल्क सरकारी कोचिंग सेंटर खोलने, फरीदपुर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग तथा अन्य क्षेत्रों में प्रवेश सहायता के लिए अलग फंड बनाने की बात कही गई है। महिलाओं के लिए कुटीर उद्योग लगाने और स्थानीय संस्थानों में आरक्षण की व्यवस्था कराने का भी उल्लेख है।

पोस्टर में प्रदेश स्तर की नीतियों से जुड़े कई बड़े वादे भी किए गए हैं। इनमें आउटसोर्सिंग और अग्निवीर भर्ती बंद करने तथा सभी के लिए पक्की नौकरी की व्यवस्था करने की बात कही गई है। प्रत्येक तहसील स्तर पर महिलाओं के लिए दो आश्रय गृह एवं छात्रावास, प्रत्येक तहसील में पीजी कॉलेज और प्रत्येक जिले में महिलाओं के लिए विश्वविद्यालय बनाने का वादा किया गया है। गरीब, विधवा और निराश्रित महिलाओं को स्वच्छ शौचालय की सुविधा के साथ लोहिया आवास देने की बात भी कही गई है।

महिला सुरक्षा और रोजगार से जुड़े वादों में पुलिस बल में 33 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती, प्रत्येक जिले में एक महिला पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति और महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों के लिए फास्ट ट्रैक न्यायालय स्थापित करने का उल्लेख है। सरकारी स्कूलों में पूरी फीस और निजी स्कूलों में आधी फीस माफ करने, इंटर पास करने वाली प्रत्येक छात्रा को लैपटॉप देने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन शुल्क में रियायत देने की बात भी पोस्टर में है।

इसके अलावा पेट्रोल पंप, आराम गृह, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर स्वच्छ महिला शौचालयों के निर्माण, 1090 वूमेन पावर लाइन को मजबूत करने, प्रशिक्षित महिलाओं की नियुक्ति और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था का वादा किया गया है। निराश्रित महिला की मृत्यु होने पर सरकार की ओर से अंतिम संस्कार कराने तथा हर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने और बंद पड़े केंद्रों को फिर से शुरू करने की बात भी इसमें शामिल है।

कर्मचारियों के लिए प्रत्येक माह दो दिन आकस्मिक अवकाश, बंद किए गए स्कूलों को खोलने और कम छात्र संख्या होने पर भी स्कूल बंद नहीं करने का वादा किया गया है। पोस्टर में प्रत्येक महिला को 40 हजार रुपये प्रतिवर्ष देने, महिलाओं के लिए दो लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और समाजवादी पेंशन फिर से शुरू करने की बात भी कही गई है।

किसानों के लिए गन्ने का भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर कराने, किसानों की कर्जमाफी तथा सभी वर्गों के लिए सरकारी विभागों में निर्धारित आरक्षण पूरा कराने का वादा भी पोस्टर में दर्ज है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में सड़क, बिजली, सिंचाई और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु करने तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों समेत अन्य बीमारियों का मुफ्त इलाज कराने की बात कही गई है।

फरीदपुर की राजनीति में चंद्रसेन सागर पिछले काफी समय से सक्रिय हैं। वह दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा के टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। पिछले महीनों में उन्होंने बूथ स्तर के संगठन, पीडीए पंचायतों, छात्र सम्मान कार्यक्रमों और समाजवादी संदेश यात्रा जैसे कई कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी है।

ऐसे में टिकट की घोषणा से पहले जारी हुआ यह पोस्टर चंद्रसेन सागर की दावेदारी के साथ-साथ फरीदपुर के लिए उनके प्रस्तावित राजनीतिक एजेंडे को भी सामने रखता है। सपा नेतृत्व को आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशी का अंतिम फैसला करना है, जबकि चंद्रसेन सागर समर्थकों की ओर से पोस्टर के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि टिकट मिलने की स्थिति में फरीदपुर के स्थानीय विकास से लेकर प्रदेश स्तर के बड़े मुद्दों तक उनकी प्राथमिकताएं क्या होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *