देश यूपी

यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना मना है क्योंकि…

शचींद्र, इलाहाबाद
उन्नाव रेप केस में भाजपा के विधायक की गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। इलाहाबाद में शिवकुटी इलाके के लोगों ने विरोध का नया तरीका अख्तियार किया है। यहां लोगों ने अपने दरवाजे पर पोस्टर चिपका दिए हैं जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना सख्त मना है क्योंकि इस घर में बच्चियां और महिलाएं रहती हैं।
बता दें कि उन्नाव गैंगरेप कांड में भाजपा के विधायक की गिरफ्तारी के बाद देशभर में योगी सरकार और भारतीय जनता पार्टी को फजीहत झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे को भुनाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहीं। यही वजह है कि अब भाजपा का विरोध गली-मोहल्ले तक पहुंच गया है।
जिस कानून व्यवस्था की दुहाई देकर भाजपा सरकार सपा सपा सरकार को रौंदते हुए सत्ता में आई थी अब वही बदहाल कानून व्यवस्था योगी सरकार के गले की फांस बन गई है। सरकार गैंगस्टरों के खिलाफ तो अभियान चला रही थी, स्कूल कॉलेज के बाहर घूमने वाले मजदूरों पर भी शिकंजा कस रही थी लेकिन अपनी ही पार्टी के नेताओं और विधायकों पर शिकंजा कसने में नाकाम साबित हुई। इसी का नतीजा उन्नाव गैंगरेप कांड के रूप में सामने आया है। वहीं योगी सरकार द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद स्वामी के खिलाफ दर्ज रेप का मामला वापस लेने के बाद भी सरकार की भारी फजीहत हो रही है। बता दें कि यह मामला कोर्ट में चल रहा है इसके बावजूद सरकार ने उसे वापस लेने के आदेश जारी कर दिए। पीड़िता ने इस संबंध में राष्ट्रपति को एक पत्र भी लिखा है। बहरहाल इलाहाबाद के लोगों ने भाजपा के विरोध का अनोखा तरीका निकाल लिया है जिसके बाद भाजपा की जमकर फजीहत हो रही है। कुछ लोग इन पोस्टरों को विरोधी दलों की साजिश करार दे रहे हैं। बहरहाल, भाजपा की मुश्किलें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *