यूपी

दुख की घड़ी में बने सहारा: डॉ. जीराज सिंह यादव ने गणेशपुर पहुंचकर घायलों को दी आर्थिक मदद, लोधी समाज की जीता दिल 

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों पर जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए आंवला विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रबल टिकट दावेदार डॉ. जीराज सिंह यादव ने एक बार फिर यह संदेश देने का प्रयास किया कि राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ा होना ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है। इसी क्रम में उन्होंने आंवला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गणेशपुर पहुंचकर सिलेंडर विस्फोट की दर्दनाक घटना में घायल हुए दो परिवारों को अपने श्री सदगुरुदेव ट्रस्ट के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की।

गौरतलब है कि 21 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत गणेशपुर में हेमराज लोधी के घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया, जिससे मकान की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे में हेमराज लोधी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका पैर टूट गया। वहीं पड़ोस में रहने वाले सियाराम लोधी भी दीवार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉ. जीराज सिंह यादव ने तत्काल पीड़ित परिवारों से संपर्क किया और उनके हालचाल जानने के साथ हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह स्वयं गणेशपुर पहुंचे और दोनों परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अपने श्री सदगुरुदेव ट्रस्ट की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि उपचार और अन्य आवश्यक जरूरतों में परिवारों को कुछ राहत मिल सके।

इस अवसर पर डॉ. जीराज सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी व्यक्ति पर संकट आने पर पार्टी कार्यकर्ता और नेता बिना किसी भेदभाव के उसकी सहायता करें। उन्होंने कहा कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता और समाज की सेवा ही उनका सबसे बड़ा उद्देश्य है।

डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि हर स्तर पर सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा। यदि भविष्य में भी किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वह व्यक्तिगत रूप से उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि गैस सिलेंडर का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी दिखाई देने पर तुरंत संबंधित एजेंसी से संपर्क करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

डॉ. जीराज सिंह यादव की इस पहल का गांव में व्यापक प्रभाव देखने को मिला। सहायता मिलने के बाद दोनों परिवारों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि कठिन समय में मिली यह मदद उनके लिए बड़ी राहत लेकर आई है। उन्होंने कहा कि जब लोग केवल संवेदनाएं व्यक्त कर रहे थे, उस समय डॉ. जीराज सिंह यादव स्वयं गांव पहुंचे और आर्थिक सहयोग देकर यह साबित किया कि वह केवल राजनीति नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोग, महिलाओं और युवाओं की भी मौजूदगी रही। उपस्थित लोगों ने डॉ. जीराज सिंह यादव के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और जनसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। लोगों का कहना था कि ऐसे समय में जो व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होता है, वही जनता का सच्चा प्रतिनिधि कहलाने का हकदार होता है।

इस दौरान मौजूद लोधी समाज के लोगों और महिलाओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर डॉ. जीराज सिंह यादव के प्रति अपना समर्थन जताया और कहा कि यदि समाजवादी पार्टी उन्हें आंवला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाती है तो समाज का बड़ा वर्ग उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के समर्थन में भी नारे लगाए गए।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आंवला विधानसभा क्षेत्र में डॉ. जीराज सिंह यादव लगातार सामाजिक, धार्मिक और मानवीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। क्षेत्र में दुर्घटनाओं, बीमारियों और अन्य संकटों के समय लोगों की सहायता करने की उनकी कार्यशैली उन्हें आम जनता के बीच अलग पहचान दिला रही है। यही वजह है कि समाजवादी पार्टी से टिकट की दौड़ में उनका नाम लगातार प्रमुखता से लिया जा रहा है।

गणेशपुर में पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का यह कार्यक्रम केवल राहत वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने यह भी संदेश दिया कि जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने वाले नेताओं के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। डॉ. जीराज सिंह यादव की इस पहल को क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *