नीरज सिसौदिया, बरेली
शहर के पॉश इलाकों में इन दिनों बंदरों के आतंक से लोग दहशत में हैं। खास तौर से इंदिरा नगर, राजेंद्र नगर और जनकपुरी इलाके में ये खूंखार बंदर आए दिन किसी न किसी को अपना शिकार बना रहे हैं। हाल ही में इन्होंने राजेंद्र नगर के ए ब्लॉक निवासी राजीव आनंद पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद स्थानीय पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा ने नगर आयुक्त के नाम संबोधित पत्र लिखकर बंदरों के आतंक से निजात दिलाने और समस्या का स्थाई समाधान कराने की मांग की है।
नगर आयुक्त को लिखे पत्र में मम्मा ने कहा है कि इंदिरा नगर राजेंद्र नगर और जनकपुरी इलाके में बंदरों का आतंक है। ये बंदर आए दिन लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में बाहर खेलने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा खतरा है। छोटे-छोटे बच्चे अगर बंदरों का शिकार बने तो उनकी जान भी जा सकती है। अत: इस दिशा में सार्थक पहल करते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराने की कृपा करें।
बता दें कि बंदरों के आतंक का मामला नया नहीं है। पहले भी कई बार बंदर स्थानीय लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। आए दिन तोड़-फोड़ भी करते रहते हैं जिससे लोग परेशान हैं। भाजपा नेता और स्थानीय पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा पहले भी इस संबंध में आला अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की गुहार लगा चुके हैं।
