नीरज सिसौदिया, जालंधर
अवैध कॉलोनियों के काले कारोबार के लिए मशहूर कांग्रेसी मामा-भांजे आम आदमी पार्टी के राज में भी धड़ल्ले से अवैध कॉलोनियों का कारोबार कर रहे हैं। उनके इस काम में नगर निगम और पुडा के अधिकारी भी भरपूर सहयोग दे रहे हैं। ये लोग मिट्ठापुर में भी करीब आधा दर्जन से भी अधिक अवैध कॉलोनियां काट चुके हैं। वहीं, विधायक परगट सिंह के करीबी भी बताए जाते हैं। ये वही परगट सिंह हैं जो कैंट विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय एक अन्य बड़े कॉलोनाइजर की अवैध कॉलोनियों की लिस्ट लेकर चीफ सेक्रेटरी तक पहुंच गए थे लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं करवा सके थे। हैरानी की बात है कि परगट सिंह की इस लिस्ट में उनके चहेते मामा-भांजे की कॉलोनियों का जिक्र नहीं था।
हाल ही में मामा-भांजे की इस जोड़ी ने दो और अवैध कॉलोनियां काटी हैं। इनमें से एक नगर निगम के दायरे में है तो दूसरी जालंधर विकास प्राधिकरण के एसडीओ अभिषेक ढल के कार्यक्षेत्र में पड़ती है।
पहली अवैध कॉलोनी नगर निगम के दायरे में पड़ते अलीपुर इलाके में भट्टी कोल्ड स्टोर के पास स्थित है। इस कॉलोनी में पिछले दिनों अवैध रूप से बनाई गई एक दुकान को नगर निगम की टीम डिमॉलिश करने गई थी मगर सिर्फ लिंटर तोड़कर वापस लौट आई। हैरानी की बात है कि अवैध कॉलोनी में बनी दुकान का लिंटर गिराने वाली नगर निगम की टीम को अवैध कॉलोनी नजर ही नहीं आई। नगर निगम की टीम सिर्फ लिंटर गिराकर चलती बनी और अवैध कॉलोनी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब इंडिया टाइम 24 की टीम ग्राहक बनकर कॉलोनी के बारे में पूछताछ करने गई तो वहीं बैठे भांजे ने सारे राज खोल डाले। उसने कहा कि सारे अधिकारियों से उसकी सेटिंग है इसलिए उसकी कॉलोनी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह जो लिंटर गिराया गया है वह पूर्व सेंट्रल विधायक राजेंद्र बेरी के करीबी पार्षद की दुकान थी इसलिए राजनीति के तहत उसे तोड़ा गया है। उसने बताया कि उसने और उसके मामा ने मिलकर मिट्ठापुर में भी करीब आधा दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियां काटी हैं और नगर निगम के अधिकारियों ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की है। इसी तरह इस कॉलोनी पर भी कोई कार्रवाई नहीं होगी इसलिए इसमें प्लॉट खरीदने में न डरें।
हैरानी की बात है कि कॉलोनाइजर अब अधिकारियों को अपनी जेबों में लेकर घूम रहे हैं और दिल्ली में बैठे आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल टीवी चैनलों पर पंजाब को आदर्श राज्य के रूप में प्रोजेक्ट करने में लगे हैं। वाकई पंजाब आदर्श राज्य है जहां कॉलोनी पर कार्रवाई का फैसला अधिकारियों की जगह कॉलोनाइजर लेते हैं।
बात यहीं पर खत्म नहीं होती। मामा-भांजे की इस जोड़ी ने पुडा के तहत पड़ते गांव चेतेवानी में भी हाल ही में अवैध कॉलोनी काटी है। यह गांव जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास पड़ता है। यह इलाका जेडीए के एसडीओ अभिषेक ढल के इलाके में आता है। चेतेवानी में पानी की टंकी के पास स्थित इस कॉलोनी के खिलाफ भी पुडा के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
बता दें कि उक्त मामा-भांजे ने पहले भी पुडा के इलाके में कई अवैध कॉलोनियां काटी थीं। यह वही मामा है जिसकी गाड़ी से एक बार चुनावी शराब भी पकड़ी गई थी।
बहरहाल, मामा-भांजे की इस जोड़ी ने यह साबित कर दिया है कि सरकार चाहे कांग्रेस की हो या आम आदमी पार्टी की, अवैध कॉलोनियों पर तो इनका ही राज चलेगा।
Facebook Comments