यूपी

भागवत कथा में गूंजा डॉ. जीराज सिंह यादव के समर्थन का स्वर, महिलाओं-बुजुर्गों ने 2027 में टिकट की कामना की

नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, आंवला विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे डॉ. जीराज सिंह यादव ने सोमवार को क्षेत्र के ग्राम बजेड़ा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचकर कथा श्रवण किया और ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उनका स्वागत किया तथा उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

डॉ. जीराज सिंह यादव ने कथा स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक ग्रामीण, महिलाएं, युवा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, किसान, नौजवान और गरीब वर्ग की आवाज उठाने का काम करती रही है। उन्होंने पार्टी की नीतियों और पूर्व की समाजवादी सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लोगों से समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव की उम्मीद रखने वाले लोग एक बार फिर समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प दृश्य तब देखने को मिला जब कथा पंडाल में मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने कामना की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में डॉ. जीराज सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का टिकट मिले और उन्हें क्षेत्र की सेवा करने का अवसर प्राप्त हो। इस दौरान मौजूद लोगों ने डॉ. यादव के प्रति अपना विश्वास भी व्यक्त किया।
आंवला विधानसभा सीट पर डॉ. जीराज सिंह यादव लगातार सक्रिय बने हुए हैं। पिछले कुछ समय से वे क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी कर रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें समाजवादी पार्टी में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।


ग्राम बजेड़ा में आयोजित कार्यक्रम को भी इसी राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्र के लोगों के बीच लगातार मौजूदगी और जनसंपर्क अभियान के जरिए डॉ. यादव अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में जुटे हुए हैं। समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं का भी मानना है कि डॉ. यादव क्षेत्र में पार्टी का मजबूत चेहरा बनकर उभरे हैं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. जीराज सिंह यादव ने कथा आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया और कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली, विकास और आपसी भाईचारे के लिए भी प्रार्थना की।


आंवला विधानसभा क्षेत्र में जैसे-जैसे 2027 के चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे संभावित दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ती दिखाई दे रही है। ऐसे में ग्राम बजेड़ा का यह कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टियों से चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *