यूपी

शिवपाल यादव से मिले हसीब खान, बरेली शहर सीट पर सपा की जीत का रखा दावा; 2027 चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन, शिवपाल यादव ने दिया मिशन-2027 का मंत्र, हसीब खान से बोले—बरेली की सभी नौ सीटों पर झोंक दो पूरी ताकत

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और शहर सीट से पार्टी टिकट के प्रबल दावेदार हसीब खान सोमवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, वरिष्ठ नेता और पार्टी संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात में बरेली की राजनीति, शहर विधानसभा सीट की मौजूदा स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

हसीब खान सुबह करीब दस बजे शिवपाल सिंह यादव के आवास पहुंचे। उन्होंने बुके भेंट कर वरिष्ठ सपा नेता का स्वागत और सम्मान किया। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात बेहद आत्मीय और सकारात्मक माहौल में हुई। इस दौरान हसीब खान ने शिवपाल यादव को बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों की जानकारी दी।

हसीब खान ने शिवपाल यादव को बताया कि वह बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, आम जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और विभिन्न वर्गों के लोगों से लगातार संपर्क स्थापित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि समाजवादी पार्टी बरेली शहर विधानसभा सीट पर सही सामाजिक समीकरण के आधार पर उम्मीदवार का चयन करती है तो इस बार यह सीट पार्टी के खाते में आ सकती है।

बैठक के दौरान हसीब खान ने बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता समीकरणों पर भी चर्चा की। उन्होंने शिवपाल यादव को बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या इस बार लगभग 41 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उनका कहना था कि शहर सीट का सामाजिक और राजनीतिक समीकरण समाजवादी पार्टी के पक्ष में अनुकूल बनाया जा सकता है और मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिए जाने की स्थिति में पार्टी की जीत की संभावना मजबूत हो सकती है।

बताया जाता है कि करीब आधे घंटे तक चली मुलाकात के दौरान सिर्फ बरेली शहर विधानसभा सीट ही नहीं, बल्कि पूरे बरेली जिले की राजनीतिक स्थिति पर भी विस्तार से मंथन हुआ। हसीब खान ने स्थानीय स्तर पर पार्टी की मजबूती, विपक्षी दलों की गतिविधियों और आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

शिवपाल सिंह यादव ने भी हसीब खान और उनकी टीम को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ जुटने का संदेश दिया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर जोर दिया। साथ ही बरेली जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का निर्देश दिया।

शिवपाल यादव से मुलाकात के बाद हसीब खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहता है। उन्होंने कहा कि बरेली में पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा। उनका लक्ष्य सिर्फ टिकट हासिल करना नहीं, बल्कि बरेली जिले में समाजवादी पार्टी को अधिक से अधिक मजबूत बनाना और चुनावी सफलता दिलाना है।

राजनीतिक गलियारों में हसीब खान की इस मुलाकात को भी अहम माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। बरेली शहर विधानसभा सीट पर भी समाजवादी पार्टी के टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

 

वर्तमान स्थिति की बात करें तो हसीब खान उन चुनिंदा दावेदारों में शामिल हैं, बल्कि शहर सीट पर ऐसे एकमात्र प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं जो खुलकर मैदान में सक्रिय हैं और लगातार संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। वह विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और आम जनता से संपर्क के माध्यम से लगातार सक्रिय बने हुए हैं।

वहीं, शहर सीट को लेकर पार्टी के अन्य संभावित दावेदारों की सक्रियता अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि कुछ नेता कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन की अटकलों के चलते इस सीट को लेकर पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं। माना जा रहा है कि कुछ दावेदार इस संभावना को ध्यान में रखकर इंतजार की रणनीति अपनाए हुए हैं कि गठबंधन की स्थिति में बरेली शहर सीट कांग्रेस के हिस्से में जा सकती है।

लेकिन इसके उलट हसीब खान ने इंतजार करने के बजाय जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति अपनाई है। उनका फोकस संगठन को सक्रिय रखने और शहर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर है। शिवपाल सिंह यादव से उनकी मुलाकात के बाद यह संकेत भी साफ है कि हसीब खान आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय मोड में हैं।

अब देखना होगा कि 2027 विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी बरेली शहर सीट पर किस सामाजिक और राजनीतिक समीकरण के साथ आगे बढ़ती है। फिलहाल, हसीब खान की लखनऊ यात्रा और शिवपाल सिंह यादव के साथ हुई लंबी राजनीतिक चर्चा ने बरेली शहर की सियासत में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *